Saturday, May 23, 2026
Latest:
उत्तराखण्ड

कुंभ मेला-2027 की तैयारियों ने पकड़ी रफ्तार, मेलाधिकारी सोनिका ने आस्था पथ क्षेत्र का किया स्थलीय निरीक्षण; हर की पैड़ी, रोड़ीबेलवाला और उत्तर हर की पैड़ी के पुनर्विकास पर खर्च होंगे 194 करोड़ रुपये

  • कुंभ मेला-2027: हर की पैड़ी, रोड़ीबेलवाला एवं उत्तर हर की पैड़ी पुनर्विकास परियोजनाओं को लेकर मेला अधिकारी ने की समीक्षा बैठक एवं स्थलीय निरीक्षण
  • करीब 194 करोड़ रुपये की परियोजनाओं को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश

हरिद्वार: कुंभ मेला-2027 को दिव्य, भव्य एवं सुव्यवस्थित स्वरूप प्रदान करने के उद्देश्य से हरिद्वार में हर की पैड़ी, रोड़ीबेलवाला एवं उत्तर हर की पैड़ी क्षेत्र की पुनर्विकास, आधारभूत संरचना विकास एवं सौंदर्यीकरण से जुड़ी परियोजनाओं को तेजी से धरातल पर उतारने की कवायद शुरू हो गई है। उत्तराखंड निवेश एवं अवस्थापना विकास बोर्ड (यूआईआईडीबी) के माध्यम से स्वीकृत लगभग 194 करोड़ रुपये लागत की इन परियोजनाओं पर कार्य प्रारंभ करने की तैयारियां तेज़ी से जारी हैं।

इसी क्रम में मेलाधिकारी सोनिका ने शुक्रवार को मेला नियंत्रण भवन में उत्तराखंड प्रोजेक्ट डेवलपमेंट एंड कंस्ट्रक्शन कॉर्पोरेशन लिमिटेड (यूपीडीसीसी) सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की तथा स्थलीय निरीक्षण भी किया।

मेला अधिकारी ने तीनों परियोजनाओं के तकनीकी पहलुओं, कार्यान्वयन से जुड़े मुद्दों एवं कार्यों की समयबद्धता की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी परियोजनाएं कुंभ मेला-2027 प्रारंभ होने से पूर्व निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कर ली जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

हर की पैड़ी जीर्णोद्धार परियोजना के अंतर्गत लगभग 66.77 करोड़ रुपये की लागत से 6 हेक्टेयर से अधिक क्षेत्रफल में विभिन्न महत्वपूर्ण कार्य कराए जाएंगे। इनमें घाटों का निर्माण एवं नवीनीकरण, वॉकवे निर्माण, विद्युत एवं सौंदर्यीकरण कार्य, श्रद्धालु सुविधाओं का विस्तार तथा सीवेज एवं ड्रेनेज व्यवस्था का विकास शामिल है।

इसी प्रकार रोड़ीबेलवाला क्षेत्र जीर्णोद्धार एवं विकास परियोजना लगभग 58.39 करोड़ रुपये की लागत से विकसित की जाएगी। लगभग 45 हेक्टेयर क्षेत्रफल में विस्तारित इस परियोजना के तहत लगभग 25 हेक्टेयर क्षेत्र में सड़क निर्माण, वेंडिंग ज़ोन, पार्किंग व्यवस्था, आधुनिक शौचालय, पैदल मार्ग, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं का उन्नयन किया जाएगा, जिससे क्षेत्र को अधिक व्यवस्थित एवं श्रद्धालु-अनुकूल बनाया जा सके।

उत्तर हर की पैड़ी विकास परियोजना के अंतर्गत लगभग 68.97 करोड़ रुपये की लागत से घाटों का पुनरोद्धार, भीड़ प्रबंधन क्षेत्र, वॉकवे, सीवेज एवं ड्रेनेज सिस्टम, पार्किंग, विद्युत कार्य एवं श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक जनसुविधाओं का विकास किया जाएगा। इस परियोजना के दायरे में पंतद्वीप, चमगादड़ टापू सहित आसपास के घाटों को भी शामिल किया गया है।

बैठक के उपरांत मेला अधिकारी ने हर की पैड़ी, रोड़ीबेलवाला एवं दीनदयाल उपाध्याय पार्क से जुड़े आस्था पथ क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए विभिन्न स्थानों पर मौजूद अतिक्रमणों को हटाने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि परियोजनाओं के निर्माण के दौरान घाटों को सुंदर, सुरक्षित एवं श्रद्धालु-अनुकूल बनाया जाए तथा किसी भी निर्माण कार्य के कारण गंगा नदी के दर्शन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। इसके साथ ही खड्डा पार्किंग क्षेत्र के सुधार एवं सौंदर्यीकरण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

मेला अधिकारी ने श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए क्षेत्र में बेहतर यातायात एवं आवागमन प्रबंधन, पर्याप्त बैठने की व्यवस्था, उपयुक्त स्थानों पर आधुनिक शौचालयों की स्थापना तथा सुव्यवस्थित सार्वजनिक सुविधाएं विकसित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि कुंभ मेला-2027 के दौरान आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुगम वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा सभी कार्य गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ पूर्ण किए जाएं।

इस दौरान नगर आयुक्त हरिद्वार नंदन कुमार, अपर मेला अधिकारी दयानंद सरस्वती, उप मेला अधिकारी मनजीत सिंह, परियोजना क्रियान्वयन इकाई के अधिशासी अभियंता प्रवीण कुश, यूपीडीसीसी के महाप्रबंधक मनोज कुमार, परियोजना प्रबंधक आशीष भट्ट एवं सुमित मलवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

 

 

 

 

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!