उत्तराखंड: मौसम विभाग ने जारी किया येलो अलर्ट, यहां चलेगी शीत लहर

देहरादून: मौसम करवट बदल रहा है। तापमान लगातार गिर रहा है। ठंड बढ़ने के साथ ही लोगों की कंपकंपी छूटने लगी है। खासकर सुबह और शाम के वक्त लोगों को भारी ठंड के कारण दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन लोगों के सामने संकट खड़ा हो गया है, जिनके पास रात को छत नहीं है। साथ ही स्कूली बच्चों को भी सुबह के वक्त काफी दिक्कतें का सामना करना पड़ रहा है।

तापमान के गिरावट का सबसे बड़ा कारण जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय हाने का माना जा रहा है। उसी का असर यहां भी नजर आ रहा है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में कुमाऊं क्षेत्र के ऊधमसिंह नगर जिले में शीतलहर की आशंका जताई है। इसे लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम के बदले मिजाज के चलते पहाड़ से लेकर मैदान तक न्यूनतम तापमान में गिरावट का दौर शुरू हो गया है। मौसम विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट के मुताबिक सोमवार को मैदानी क्षेत्रों में सबसे कम तापमान 3.6 डिग्री सेल्सियस पंतनगर में दर्ज किया गया।

इसके अलावा कुमाऊं क्षेत्र के मुक्तेश्वर में अधिकतम तापमान 19.9 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी दून में दिन का तापमान जहां 28.4 डिग्री दर्ज किया गया, वहीं रात में न्यूनतम तापमान सात डिग्री पर पहुंच गया।

एक दिन पहले ही न्यूनतम तापमान 7.7 डिग्री दर्ज किया गया था। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के मुताबिक आने वाले दिनों में मैदान से पहाड़ तक शीतलहर चल सकती हैं। पाला भी और अधिक पड़ने लगेगा, जिससे खेती को भी भारी नुकसान पहुंच सकता है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published.

error: Content is protected !!